Top News

Saharanpur News: सहारनपुर-मुजफ्फरनगर में बनेगी नई जेलें, जेल मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बंदी और कैदियों से किया संवाद


सहारनपुर
। जिला कारागार में बंदी और कैदियों से संवाद करने के लिए पहुंचे प्रदेश के कारागार राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि जल्द ही सहारनपुर में नई जेल को बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए सहारनपुर के माटकी और डंगहेड़ा गांव में जमीन देख ली गई है। जल्द ही जेल बनाने का निर्णय कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में भी नई जेल बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। बता दें कि सहारनपुर जेल को पर्यटन विभाग ने लिया हुआ है और खाली करने के लिए कई बार नोटिस भी दिया हुआ है।

बंदियों से किया संवाद

दरअसल, शनिवार को कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति सुबह के करीब 11 बजे जेल में पहुंच गए थे। उनकी तैयारियों के लिए पूरे इंतजाम किए हुए थे। उन्हाेंने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए बंदी और कैदियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जो बंदी या कैदी अपराध करके जेल में आते हैं, यह उनके पिछले जन्मों का फल होता है। बंदियों को अपने में सुधार लाना चाहिए।

मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि सभी बंदियों को गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना चाहिए। अनजाने में हुए अपराध का पश्चाताप करना चाहिए। सभी बंदियों और कैदियों को बुराईयों को कारागार के अंदर ही छोड़कर जाना चाहिए।

...और जब एक कैदी फफक-फफककर रोया

राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने जब एक भावुक भाषण दिया और कहा कि कैदी और बंदी तो अपराध कर देते हैं, लेकिन अपने नाते रिश्तेदारों को परेशान कर देते हैं। यह बातें सुनकर एक कैदी फफक-फफककर रोने लगा। मंत्री ने कैदी को मंच पर बुलाया और उससे वचन लिया कि जेल से निकलने के बाद वह कभी अपराध नहीं करेगा। कैदी ने भी वचन दिया।

मंत्री ने एक वीडियो दिखाकर किया भावुक

मंत्री धर्मवीर ने आगरा कारागार में हुए रक्षाबंधन की एक वीडियो दिखाकर कैदियों-बंदियों और लोगों को भावुक कर दिया। उन्होंने वीडियो दिखाते हुए कहा कि भाई-बहन के विलाप को देखकर उस क्षण उनकी आंखों से भी आंसु झलक पड़े थे और वह भावुक हो गए थे। उन्होंने कारागार से जुड़ी कई घटनाओं को जिक्र किया।

मंत्री ने बताया बुलंदशहर की रहने वाली एक महिला लखनऊ में अपने बच्चों के साथ मुझसे मिलने के लिए आई। जिसने बताया कि उसका पति 17 सालों से जेल में है और उनकी जमानत तक नहीं हो रही है। बच्चों को देखकर उसकी फाइल मंगवाई। जिस पर वहां के एसएसपी ने निगेटिव रिपोर्ट लगाई हुई थी। बाद में राज्यपाल और सीएम से बात करके उस कैदी को छुड़वाया गया। जिस बंदी को छुड़वाया गया उसने जेल में एक लाख रुपये कमाए थे। उसने उन रुपयों से एक ई-रिक्शा खरीदी और अब वह अपने परिवार का लालन-पालन कर रहा है।

बच्चों के लिए बनेगा पार्क

कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने डीएम डा. दिनेशचंद्र को जेल परिसर में एक पार्क बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां पर सजा काट रही महिलाओं के बच्चे जो जेल में है। उनके बच्चे उस पार्क में खेल सकेंगे। उन्हें जेल में रहने का पता नहीं चलना चाहिए।

पहले से ज्यादा बंदी-कैदी को मिलता है अधिक मानदेय

जेल मंत्री ने बताया कि पहले जेल में बंद बंदियों और कैदियों पर कोई ध्यान नहीं देता था। भाजपा सरकार ने अब बंदियों और कैदियों का मानदेय बढ़ा दिया है। जहां पहले 15 से 20 रुपये मिलता है। अब 50 रुपये से लेकर 81 रुपये मिलता है।

मुझे आपके परिवारों की चिंता है, इसलिए आया हूं : मंत्री

कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने जिला कारागार में किशोर बंदियों और 40 वर्ष से कम उम्र के बंदियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जेलों में 85 फीसदी से अधिक बंदी 40 साल की उम्र से कम हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे बंदियों की है जिन्होंने अनजाने में अपराध किया है और ज्यादातर बंदी गरीब परिवारों से होते हैं। संवाद करते हुए उन्होंने बंदियों से कहा कि जब एक बच्चा 15-20 साल की उम्र में जेल जाता है तो उस समय परिवार पर बड़ा कष्ट पड़ता है।

Previous Post Next Post